हर जगह छठ घाटों की आकर्षक ढंग से सजावट की गई। जहां घाटों पर मेला सा नजारा बना रहा। रंग-बिरंगे पोशाक में बच्चें-महिलाऐें व श्रद्धालुओं में उल्लास का माहौल बना रहा। राजधानी पटना सहित अनेकों जगहों पर छठ व्रतियां दंडवत प्रणाम करते छठ घाट पहुंचे। श्रद्धालु व्रतियों के पैर छूकर आशीर्वाद लेते रहे। श्रद्धा के महासंगम में हर कोई डुबकी लगाता हुआ नजर आया। सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल के महिला व पुरूष जवानों को भी तैनात किया गया था। साथ ही, सुरक्षा के मद्देनजर घाटों पर एनडीआरएफ-एसडीआरएफ और गोताखोरों की तैनाती की गई थी। राज्य के विभिन्न जगहों पर छठ व्रतियों ने गंगा, गंडक, बूढ़ी गंडक, कोशी, महानंदा, लखनदेई, अधवारा, बागमती, सोन, जमुआरी, बलान, नून, करेह, कमला आदि नदियों व तालाबों के अलावा कैंपस, आंगन एंव छतों पर अस्थायी तालाब बना कर डूबते व उगते सूर्य को अर्ध्य देकर मन्नतें मांगी है।
बिहार में राजधानी पटना का छठ काफी मशहूर है। दूर-दूराज से भी लोग पटना शहर का छठ देखने के लिए आते हैं। क्योंकि, यह शहर गंगा नदी के तट पर बसा हुआ है। पटना शहर के लोगों ने गंगा नदी के किनारे महापर्व छठ श्रद्धा के साथ इस वर्ष भी मनाया। छठ घाटों पर भीड़ उमड़ पड़ी। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और छठ गीतों की मधुर धुनों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। राजधानी पटना के 90 गंगा घाट और 62 स्थायी-अस्थायी घाट तैयार किए गए थे। जहां छठ घाटों पर व्रतियों की भारी भीड़ उमड़ी। अनुमान है कि पटना में 12 से 13 लाख श्रद्धालु पहुंचे। घाटों पर चाट व गोलगप्पे की दुकानें तक सजीं। सेल्फी का दौर भी लगातार चला। पटना शहर के तालाबों में भी लोगों ने छठ पर्व मनाया। ज्यादातर जगहों पर घरों व अपार्टमेंट्स की छतों पर भी छठ पर्व मनाया गया। मनाही के बावजूद लोगों ने जमकर आतिशबाजी की। पटना के गंगा घाटों पर अहले सुबह से ही आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। हाथों में सूप, दउरा और पूजन सामग्री लिए व्रती भगवान भास्कर के उदय होने की प्रतीक्षा में घंटों तक ठंडे जल में खड़े रहे। सुबह कोहरे का प्रभाव रहने के कारण सूर्यदेव के दर्शन में देरी हुई। करीब 7 बजे बादलों और कोहरे के बीच भगवान सूर्य ने दर्शन दिए तो घाटों पर श्रद्धा और उल्लास का वातावरण बन गया। सूर्य की पहली किरण के साथ ही व्रतियों ने दूध और गंगाजल से भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान घाटों पर छठी मइया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे।
भोजपुरी फिल्मों की मशहूर अभिनेत्री व गायिका अक्षरा सिंह ने भी राजधानी पटना में ही छठ पूजा कीं। उन्होंने पटना शहर के मीनार घाट पर पहुंचकर सूर्य को अर्घ्य दिया। उन्होंने सभी लोगों को छठ की शुभकामनाएं दीं। अक्षरा सिंह ने राजधानी पटना में कंकड़बाग स्थित रेनबो मैदान में संध्या अर्ध्य की शाम को एक भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया। जहां बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों को छठ पूजा की मंगलकामनाएं दीं। इस दौरान राज्य के सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव और स्थानीय विधायक संजय गुप्ता भी मौजूद रहे। इस सांस्कृतिक संध्या में रितिका राज सिंह, सुगम सिंह और प्रिया मल्लिक जैसे कलाकारों ने अपने सुरीले छठ गीतों से पूरे माहौल को भक्तिमय बना दिया और दर्शक-श्रोताओं का मन मोह लिया।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा का त्योहार आज लोकल से ग्लोबल बन चुका है। पूरा देश छठमय हो चुका है। यूरोप, अमेरिका, एशिया सहित दुनिया के कोने-कोने से वीडियो और मनमोहक दृश्य सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के मौके पर हमने पूरे बिहार को सजाने-संवारने का भरसक प्रयास किया। ताकि हमारा प्रदेश स्वच्छ, सुंदर लगे। छठ व्रतियों को कोई असुविधा ना हो, इसके भी इंतजाम किए गए। संध्या अर्घ्य के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राजधानी पटना में नासरीगंज घाट से कंगन घाट तक जहाज से छठ घाटों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाटों पर मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन किया। उनके साथ सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, जद(यू.) विधायक व राज्य के पूर्व उधोग मंत्री श्याम रजक और पटना साहिब के भाजपा सांसद व पूर्व केंद्रीय कानून मंत्री रविशंकर प्रसाद व अन्य चहेते अधिकारी भी मौजूद रहे।
लोक आस्था के महापर्व छठ राजनीतिक परिवारों में भी पूरी श्रद्धा के साथ मनाया गया। आम से लेकर खास तक भगवान सूर्य व छठी माइया की पूजा अर्चना की। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पूरी श्रद्धा व भक्ति के साथ सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया। साथ ही, राज्य एवं देश वासियों को सुख, शांति व समृद्धि के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अपने परिजनों के साथ आवास में बने तालाब में पूरी श्रद्धा व भक्ति के साथ सूर्य को अर्ध्य अर्पित किया। राजधानी पटना में ही मामा साधु यादव के परिजनों के साथ लालू परिवार की लाडली रोहिणी आचार्य ने भी छठ महापर्व बड़े उत्साह से मनाया है।
इधर, समस्तीपुर में भी बूढ़ी गंडक नदी के किनारे लोक आस्था के महापर्व छठ पर छठ व्रतियों ने पूरी श्रद्धा के साथ अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अर्ध्य दिया। क्योंकि, यह शहर बूढ़ी गंडक के तट पर बसा हुआ है। इसलिए पूरे शहर के छठ व्रती व श्रद्धालु उमड़ पड़ते हैं। छठ घाटों पर सुरक्षा के सारे इंतजाम किए गए थे। समस्तीपुर के जिलाधिकारी रोशन कुशवाहा व पुलिस अधीक्षक अरविंद प्रताप सिंह छठ घाटों का मुआयना करते दिखे। नमो सरकार के केंद्रीय कृषि व किसान कल्याण राज्य मंत्री रामनाथ ठाकुर ने विभिन्न छठ घाटों का मुआयना किया और लोगों को शुभकामनाऐं दी। वहीं, समस्तीपुर के पूर्व विधायक अख्तरूल इस्लाम शाहीन ने भी छठ घाटों का मुआयना किया। जबकि, छठ घाटों पर मौजूद लोगों ने साफ-सफाई को लेकर नाराजगी व्यक्त की है।
आधुनिकता के रंग में रंगे रहने के बावजूद घाटों पर आस्था, अनुशासन व सामाजिक सौहार्द और पारंपरिक रीति-रिवाजों का नजारा देखने को मिला। छठ व्रतियों ने पूरे नियम व श्रद्धा के साथ छठ व्रत को पूरा किया। सूर्यदेव को पहला अर्ध्य देने के बाद संध्या में छठ व्रतियों ने घर-आंगन में कोशी भर कर छठी मइया की आराधना की। फिर सुबह में सूर्य उदय के पूर्व छठ व्रति घाटों पर पहुंच कर कोशी भर कर पूजा अर्चना की। यूं तो यह महापर्व छठ कार्तिक माह में बड़े पैमाने पर मनाया जाता है। लेकिन, चैतमाह में भी छठ व्रत किया जाता है। जिसे चैती छठ कहते हैं। लेकिन, कार्तिक माह में छठ व्रत ज्यादा लोग करते हैं। यही कारण है कि छठ के दिन घाटों पर मेला जैसा नज़ारा देखने को मिलता है।
बिहार में महापर्व छठ बड़ी श्रद्धा से लोग मनातें हैं। इस वर्ष चार दिवसीय छठ पर्व को लेकर लोगों में गजब का उत्साह था। पूजा को सफल बनाने की लोगों की उमंग देखते ही बन रही थी। किसी ने न तो महंगाई की चिंता की न ही श्रमदान की और न ही घाट की दूरी की परवाह की। हर जगह लोग उत्साह से लबरेज दिखें। एक-दूसरे को मदद करना हो या घाट पर श्रमदान हो, कोई पीछे नहीं हटा। वहीं, कई लोग गाड़ियों पर तो कुछ लोग ई-रिक्शा पर और कुछ लोग बैंड बाजे के साथ अपने पसंदीदा घाट पर पहुंचे। अधिकांश लोग दउरा अपने सिर पर लिए परिवार के साथ पैदल ही चल रहे थे। सीवान में जिलाधिकारी .... को दउरा सर पर उठाकर लोग लेजाते दिखे। इस वर्ष 13 नवंबर को नहाय-खाय से शुरू हुए इस चार दिवसीय महापर्व छठ के अंतिम दिन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्ध्य देने के बाद यह पर्व संपन्न हुआ। सबसे ज्यादा कष्ट जमीन पर लेट-लेट कर छठ घाटों तक पहुंचने वाले पुरूष व महिला छठव्रतियों को होती है। इसलिए इन्हें कष्टी व्रतधारी कहते हैं। छठ के दिन घर के लोग आगे-आगे कष्टी व्रतधारी के लिए रास्ते भी साफ करते हुए चलते हैं।
उधर, छठ महापर्व की आस्था अब सिर्फ बिहार, झारखंड व पूर्वी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रह गई है। सात समंदर पार रहने वाले भारतीयों के बीच भी इस महापर्व की रौनक देखने को मिली है। अमेरिका, जापान, ब्रिटेन, मलेशिया और दुबई सहित दुनिया के कई देशों में बसे बिहार और पूर्वांचल के लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ पूजा की. विदेश में रहने के बावजूद लोगों ने अपनी मिट्टी, संस्कृति और परंपरा से जुड़ाव बनाये रखा। न्यूयॉर्क, टोक्यो, दुबई, लंदन और कुआलालंपुर सहित कई शहरों में छठ पूजा के आयोजन हुए। इसके अलावा इंडोनेशिया, पोलैंड, हांगकांग, बहरीन और मॉरीशस से भी छठ महापर्व मनाते लोगों की तस्वीरें और वीडियो सामने आए। इन आयोजनों में बिहार और उत्तर प्रदेश की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली है।
पाठकों की टिप्पणियां (0)
✍️ अपनी टिप्पणी लिखें